22 जनवरी को हिमाचल में रहेगी सरकारी छुट्टी, CM सुक्खू ने किया ऐलान

Spread the love

हिमाचल प्रदेश सरकार ने कल यानी 22 जनवरी को सूबे में सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर छुट्टी की घोषणा की गई है। ऐसे में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 22 जनवरी को हिमाचल सरकार के सभी कार्यालयों में अवकाश रहेगा।

 शिमला राम मंदिर में रविवार को दीप प्रज्वलित करने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह ऐलान किया है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्री राम सभी के आस्था के केंद्र हैं और यह राजनीतिक विषय नहीं है। मुख्यमंत्री ने शिमला शहर की सबसे ऊंची चोटी जाखू में 108 फीट हनुमान की प्रतिमा के साथ भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापित करने का भी ऐलान किया। शहर की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं ने जाखू में 111 फीट ऊंची भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को दिया है।

 अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के भी विभिन्न मंदिरों में भव्य समारोह रखे गए हैं। इस कड़ी में शिमला शहर के 40 मंदिरों में कार्यक्रम होंगे। विपक्षी दल भाजपा की ओर से राज्य सरकार से 22 जनवरी को सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही थी।