18 अगस्त से 2 सितंबर तक होगा हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र

Spread the love

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 18 अगस्त से शुरू होकर 2 सितंबर तक चलेगा। यह 14वीं विधानसभा का नौवां सत्र होगा, जिसमें कुल 12 बैठकें आयोजित की जाएंगी। यह अब तक का चौथा सबसे बड़ा मानसून सत्र होगा। इससे पहले 1962 में प्रथम विधानसभा का मानसून सत्र 13 बैठकों का, 1968 में द्वितीय विधानसभा का 15 बैठकों का और 2009 में 11वीं विधानसभा का 17 बैठकों का सत्र आयोजित हुआ था।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि 14वीं विधानसभा में अब तक 8 सत्रों में कुल 73 बैठकें हो चुकी हैं और इस सत्र के दौरान 85 बैठकें पूरी हो जाएंगी। अब तक सदस्यों से 830 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 679 तारांकित प्रश्न और 151 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न नियमों के तहत 28 सूचनाएं भी मिली हैं।

पठानिया ने बताया कि सदस्यों द्वारा दी गई सूचनाओं में प्रमुख विषय हिमाचल में प्राकृतिक आपदा और बाढ़ से हुए नुकसान शामिल हैं। कुलदीप पठानिया ने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले 18 अगस्त को 12 बजे सर्वदलीय बैठक होगी।