18 कमरो का दो मंज़िला स्लेटपोश मकान जलकर राख, छः परिवार बेघर

Spread the love

 सराज विधानसभा क्षेत्र के तुगांधार पंचायत के मझाखल में शुक्रवार सुबह आग की घटना से 18 कमरों और चार रसोई घरों वाला दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। इस मकान में छह परिवार रह रहे थे। आग के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। लाखों के नुकसान का अंदेशा है। सूचना मिलते ही राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आग के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
सूचना के अनुसार इस स्लेटपोश मकान में ओम प्रकाश पुत्र मोहर सिंह, मुकेश कुमार पुत्र मोहर सिंह शुक्री देवी पत्नी शूप्पी राम सोधा देवी पत्नी मोहर सिंह पुरषोत्तम राम पुत्र शूप्पी राम, भूपेंद्र कुमार पुत्र पुरषोत्तम राम के परिवार संयुक्त रूप से रह रहे थे। बताया जा रहा है कि तुगाधार पंचायत के मझाखल के घर में सुबह आठ बजे अचानक आग लगी। इससे पहले सूचना आसपास के लोगों में फैलती चंद मिनटों में मकान राख हो गया। स्थानीय पंचायत प्रधान हेम राज ठाकुर से मिली जानकारी अनुसार ढाई मंजिला घर में कुल छह परिवार का साझा घर था।