10 मार्च को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में गूंजेंगे 963 सवाल

Spread the love

 हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 10 मार्च को दोपहर 2 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। सत्र में कुल 16 बैठकें होगी। 28 मार्च तक चलने वाले सत्र में 963 सवाल सदन में गूंजेंगे, जिसमें 737 तारांकित और 226 प्रश्न तारांकित रूप से पूछे गए हैं।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिमला विधानसभा में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण पर 11 से 13 मार्च तक चर्चा होगी। 17 मार्च को मुख्यमंत्री बजट पेश करेंगे। 22 और 27 मार्च को गैर सरकारी दिवस होगा। 26 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक नियम 62 के तहत 9 सूचनाएं,नियम 101 के अंतर्गत 5 और नियम 130 के तहत 10 सूचनाएं प्राप्त हुई है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सत्र से पूर्व रविवार 9 मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है जिसमें पक्ष और विपक्ष से सदन में सार्थक चर्चा की अपील की जाएगी। वहीं बीते वर्ष के बजट सत्र के दौरान दस भाजपा विधायकों के सदन में आचरण के मामले पर पूछे गए सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मामला सदन के भीतर का है और अभी विचाराधीन है। समय आने पर फैसला लिया जाएगा।