हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के गृह जिला हमीरपुर में सुजानपुर सीट को जीत लिया है। इसके साथ ही विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 34 से बढ़कर 35 हो गई है।हालांकि ये संख्या बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि 5 विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी नतीजे शेष हैं। 8 राउंड की गणना पूरी होने के बाद कांग्रेस के कैप्टन रणजीत सिंह ने 28,577 वोट प्राप्त किए, जबकि भाजपा के राजेंद्र राणा को 26,403 वोट प्राप्त हुए।नोटा सहित अन्य प्रत्याशियों को 792 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस से बगावत करने के बाद राजेंद्र राणा ने भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा ने भी कांग्रेस के तमाम 6 बागी विधायकों को टिकट थमा दिया था। राजेंद्र राणा 2017 के विधानसभा चुनाव में उस समय सुर्खियों में आ गए थे, जब उन्होंने भाजपा के सीएम कैंडिडेट प्रो. प्रेम कुमार धूमल को पटखनी देने में सफलता हासिल की थी।