हिमाचल में सुक्खू कैबिनेट विस्तार के आसार, राजेश धर्माणी बनेंगे मंत्री

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार आज दोपहर बाद होने के आसार हैं। मंत्री बनाने वाले संभावित विधायकों को शिमला बुला लिया गया है। बिलासपुर जिला से एकमात्र विधायक राजेश धर्माणी मंत्री पद की शपथ लेंगे। धर्माणी घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह के लिए राज्यपाल के दिल्ली से शिमला लौटने का इंतजार किया जाएगा।  राज्यपाल के लौटने पर शाम चार बजे शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। सुक्खू कैबिनेट में मंत्रियों के तीन पद रिक्त चल रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कितने पदों को भरा जाएगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू ने साफ किया था कि इसी महीने कैबिनेट विस्तार किया जाएगा। प्रदेश में पिछले कुछ माह से कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं से सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ी हुई थी। सूत्रों की मानें तो इस कैबिनेट विस्तार में एक से तीन लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है।