हिमाचल में फिर बजा चुनावी बिगुल, 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान

Spread the love

चुनाव आयोग ने हिमाचल विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव का ऐलान कर।दिया है। विधानसभा की देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक 14 जून को इसके लिए अधिसूचना जारी होगी। 21 जून तक नामांकन होगा, 24 जून तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 26 जून को नामांकन पत्र वापिस लिए जा सकते हैं। इसके बाद 10 जुलाई को बुधवार के दिन मतदान होगा। वहीं 13 जुलाई को मतगणना होगी। आयोग के अनुसार 15 जुलाई 2024 से पहले निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न हो जानी चाहिए।प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव हो रहे हैं। दरअसल 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर सीटों पर निर्दलीय विधायक विजयी हुए थे। देहरा से होशियार सिंह, नालागढ़ से केएल ठाकुर और हमीरपुर से आशीष शर्मा विधायक निर्वाचित हुए थे। निर्दलीय विधायक के तौर पर ये तीनों प्रदेश की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे थे। लेकिन इसी साल 27 फ़रवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में इन तीनों ने भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान किया और कांग्रेस का बहुमत होने के बावजूद हर्ष महाजन राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए। इसके बाद 22 मार्च को तीनों निर्दलीय विधायकों ने अपनी विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया और भाजपा से शामिल हो गए।