हिमाचल में आज आएंगे चुनावी नतीजे, मतगणना शुरू…

Spread the love

हिमाचल प्रदेश में आज चुनावी खुमारी पूरे परवान पर है। यहां लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी आने है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है। जहां एक तरफ एग्जिट पोल (Exit Poll) ने भाजपा (BJP) के पक्ष में फरमान जारी किया, वही दूसरी तरफ कांग्रेस ने एग्जिट पोल को ख़ारिज किया हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों के इस्तीफों की मंजूरी ने स्थिति को और भी रोचक बना दिया है। उम्मीद की जा रही है, दोपहर तक राज्य में चार लोकसभा व विधानसभा की 6 सीटों के परिणाम आ जाएंगे।
नतीजों को लेकर चंद बिंदुओं पर नजरें टिकी हुई हैं। देश भर की नजरें मंडी संसदीय क्षेत्र पर टिकी हुई है, कंगना के निर्वाचन क्षेत्र में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक मतदान किया। 72.13 प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 74.19 महिला मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंची। वहीं, केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में भी पुरुषों व महिलाओं में बड़ा अंतर देखने को मिला था। 75.16 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला था, जबकि पुरुष मतदाताओं का आंकड़ा 67.95 प्रतिशत पर सिमट गया। देखना होगा कि महिलाओं ने मतदान के प्रति अधिक दिलचस्पी क्यों दिखाई।
हिमाचल में मंडी में कंगना, हमीरपुर में अनुराग ठाकुर व कांगड़ा में आनंद शर्मा के होने की वजह से देश की नजरें नतीजों पर टिकी हुई हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र में देखना होगा कि 6 बार सांसद रहे दिवंगत केडी सुल्तानपुरी का बेटा विनोद सुल्तानपुरी जीत पाता है या नहीं। भाजपा इस सीट पर चैका लगाने की फिराक में है। शिमला संसदीय क्षेत्र में 71.26 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ था। कांगड़ा सीट का ये आंकड़ा 67.89 का था।
आज ही 6 विधानसभा क्षेत्रों के उप चुनाव के भी नतीजे आने हैं। ऊना की कुटलैहड़ विधानसभा सीट में 76.89 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां महिला मतदाताओं ने रिकाॅर्ड तोड़ 80.99 प्रतिशत वोटिंग की। जबकि दूसरे स्थान पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 73.76 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड हुआ।