हरियाणा की नई सरकार को विक्रमादित्य सिंह ने दी बधाई,

Spread the love

हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने और नायब सैनी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर विक्रमादित्य सिंह ने नई सरकार को अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव से कांग्रेस को बहुमत की उम्मीद थी लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं आए। चुनाव में कहां खामियां रही इसको लेकर पार्टी का हरियाणा यूनिट और पार्टी हाईकमान मंथन करेगा। यह बात विक्रमादित्य सिंह ने शिमला कांग्रेस कार्यालय में शिमला ग्रामीण द्वारा उनके जन्मदिन पर आयोजित समारोह के दौरान कही।

विक्रमादित्य सिंह ने उम्मीद जताते हुआ कहा कि हरियाणा की नई सरकार हिमाचल और हरियाणा के आंतरिक मसलों पर प्रदेश के साथ मिलकर सकारात्मक रवैया अपनाते हुए दोनों प्रदेशों के हितों के लिए काम करेगी।

वहीं विक्रमादित्य सिंह ने उनके जन्मदिन पर आयोजित समारोह के लिए शिमला ग्रामीण और प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश का विकास करना उनका दायित्व है, जिसके लिए वह लगातार केंद्र से भी सहयोग लाने का प्रयास कर रहे है। केंद्र सरकार भी भरपूर मदद कर रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि संयोग से उनके जन्मदिन पर केंद्र से एक बड़ा तोहफा प्रदेश को मिलने वाला है। केंद्र से मदद आने की जानकारी उन्हें मिली है। आधिकारिक पुष्टि होते हुए इसकी जानकारी साझा की जाएगी।