हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की सैंज घाटी की बनोगी पंचायत के पटहिला गांव में आग लगने से भारी तबाही हुई है। भीषण अग्निकांड में आठ मकान जलकर राख हो गए हैं। इसमें पुश्तैनी और नव निर्मित घर शामिल हैं। गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे भड़की आग से अफरातफरी मच गई। आग लगने से सर्दी के मौसम में कई लोग बेघर हो गए हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। अब प्रभावितों को सर्दी की चिंता सताने लगी है। आग लगने के बाद लकड़ी के बने ये घर कुछ मिनटों में राख हो गए।
हालांकि, ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। आग लगने की सूचना के बाद तहसीलदार सैंज हीरा लाल नलवा मौके के लिए रवाना हुए। वहीं, स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी भी गांव पहुंचे और प्रभावितों से मिले। उन्होंने कहा कि भीषण अग्निकांड में आठ घर आग की भेंट चढ़ गए हैं। अग्निकांड में करोड़ों का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की हर संभव सहायता की जाएगी।