संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

    

पांवटा उपमंडल के मानपुर-देवड़ा गांव में शुक्रवार रात एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

    

मिली जानकारी के अनुसार मृतक के परिवार में नामकरण समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। मृतक पुरुषोतम (45) आरोपियों की आरा मशीन पर काम करता था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वह अपने पैसे लेने आरा मशीन गया। जहां पैसे को लेकर उसकी कहासुनी हो गई।

    

आरोपी इसरार मोहम्मद (37) ने इस दौरान पुरुषोत्तम के साथ मारपीट की। बाद में वह मृतक के घर आकर कहने लगा कि पुरुषोत्तम खेतों में मरा पड़ा है उसे उठा लो। इस पर मृतक के भाई कैलाश चंद और बेटा आनंद मौके पर पहुंचे। आनंद ने बताया कि वह अपने पिता को उठाकर घर लाए। डॉक्टर से जांच करवाने पर पता चला कि पुरुषोत्तम की मृत्यु हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि पुरुषोत्तम के सिर व मुंह पर चोटें आई हैं। नामकरण समारोह मातम में बदल गया। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।