शिकारी देवी माता के दर्शन को जा रहे ऊना के लोगों की कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के पांच सदस्‍य घायल

Spread the love
मंडी में शिकारी देवी मंदिर जा रहे लोगों की गाड़ी खाई में गिर गई।

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में मंदिर जा रहे लोगों की गाड़ी खाई में गिर गई। मंडी में सराज हलके के कांडा में ऊना के लोगों की गाड़ी नाले में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। ये एक ही परिवार के सदस्य हैं और माता शिकारी देवी के दर्शनों के लिए जा रहे थे। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं, घायलों को बगस्याड़ अस्पताल में दाखिल किया गया है। ऊना के चपलाह तहसील बंगाणा की रहने वाली 67 वर्षीय निर्मला देवी अपने परिवार के सदस्यों के साथ शिकारी देवी माता के मंदिर जा रहे थे। कांडा में बहते नाले के पास जब गाड़ी पहुंची तो वहां पर मोड़ होने के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी एचपी 78 3849 सीधे नाले में जा गिरी और पलट गई। हालांकि, अधिक ऊंचाई न होने क कारण किसी को अधिक चोटें नहीं आई हैं।

वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने घायलों को गाड़ी से निकाला और उनको 108 एंबुलेंस के माध्यम से बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको उपचार दिया गया है। घायलों में 67 वर्षीय निर्मला देवी, 22 वर्षीय शीतल, 20 वर्षीय कोमल, 42 वर्षीय सुभद्रा, 40 वर्षीय अंकुश शामिल हैं। हालांकि किसी को भी गंभीर चोट न लगने के कारण बाद में छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच की और घायलों के बयान कलमबद्ध किए। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री न कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।