हिमाचल प्रदेश के सोलन जनपद के सपरून इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में एक युवक मृत पड़ा था। मृतक सोलन में ड्राइविंग का काम करता था। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मयंक कश्यप, पुत्र कुमार कश्यप, निवासी गांव शिवशंकरगढ़, डाकघर ममलीग, तहसील कंडाघाट के रूप में हुई। मौके पर मौजूद मकान मालिक और अन्य लोगों के सामने शव का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए।
शराब की लत बनी मौत की वजह पुलिस जांच और मौके पर मौजूद लोगों के बयान से पता चला कि मृतक शराब का आदी था और पिछले तीन दिनों से लगातार शराब का सेवन कर रहा था। कमरे में खून की उल्टियों के निशान भी मिले। मृतक के परिजनों ने भी अपने बयान में बताया कि मयंक अक्सर शराब के नशे में रहता था और घर कम ही आता था। जांच में किसी ने भी मौत पर शक जाहिर नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक की मौत अत्यधिक शराब के सेवन से हुई है। बता दे कि जनपद में एक महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है।
पोस्टमार्टम और आगे की जांच जारी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए मृतक का विसरा रासायनिक जांच के लिए राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला जुन्गा भेजा जा रहा है।
शराब की लत के गंभीर परिणाम यह घटना एक बार फिर शराब की लत के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करती है। शराब की लत न केवल व्यक्ति की सेहत बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी भारी पड़ती है। यह जरूरी है कि नशे की इस आदत को रोका जाए और समय रहते इसका इलाज किया जाए। एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रही है। धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई जारी है।