
शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की दोबारा जांच करवाई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। विक्रमादित्य शुक्रवार को रोजगार संघर्ष यात्रा का आगाज करने के बाद शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान भी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार हर क्षेत्र में असफल रही हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने में असमर्थ रही है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार चुनाव नजदीक देख कोरी घोषणाएं कर रही है। सड़कों की हालत खराब है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। सरकार बनते ही युवा स्टार्टअप फंड शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मंडी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का सपना था। वह भी पूरा नहीं कर सके।
