
जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में एक कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सब डिवीजन लाहुल के एनएच-03 पर कोकसर के साथ लगते कुठ बिहाल में एक आल्टो कार (एचपी 34सी 8542) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 47 वर्षीय ओम प्रकाश निवासी गांव काईस जिला कुल्लू के रूप में हुई है। ओम प्रकाश लोक निर्माण विभाग में तैनात था। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल केलंग लाया गया है। पुलिस की ओर से प्राथमिक जांच में घटना का कारण वाहन का असंतुलित होना बताया जा रहा है। आल्टो कार सड़क से 100 फीट नीचे जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
लाहुल स्पीति पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए केलंग अस्पताल लाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सलापड़ में कैंटर से टकराने पर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिला की अनवरपुर तहसील के डाकघर अनवरपुर निवासी जितेंद्र कुमार ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह करीब छह साल से मेरिनो इंडस्ट्री लिमिटेड में कैंटर का परिचालक है। वीरवार को मंडी में कैंटर अनलोड करने के बाद वापसी पर सलापड़ में सड़क किनारे आराम कर रहा था। सुंदरनगर की तरफ से आई एक बाइक ने कैंटर को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में दाखिल करवाया गया है।
