कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोट का राजकीय माध्यमिक पाठशाला भवन इस समय गंभीर खतरे की जद में है। लगातार हो रही बारिश के चलते भवन में जगह-जगह बड़ी दरारें आ गई हैं, जिससे स्कूल पूरी तरह असुरक्षित हो गया है।
सोमवार को पंचायत प्रधान राजा राम ठाकुर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा से मिला। उन्होंने स्कूल की खस्ताहाल स्थिति से उपायुक्त को अवगत करवाते हुए आग्रह किया कि भवन को तुरंत असुरक्षित घोषित किया जाए ताकि यहां पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।पंचायत प्रधान ने बताया कि यह विद्यालय क्षेत्र का सबसे पुराना शिक्षा केंद्र है, जिसकी स्थापना लगभग छह दशक पहले हुई थी। वर्तमान में यहां 80 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं और आसपास के लगभग एक दर्जन गांवों के बच्चे इसी स्कूल पर निर्भर हैं। इस क्षेत्र में अन्य विद्यालयों की दूरी करीब छह से सात किलोमीटर है, जिससे बच्चों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करना मुश्किल हो जाएगा।