हिमाचल प्रदेश पुलिस की वीरांगना कांस्टेबल बिंदिया कौशल ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के कांगू गांव की रहने वाली बिंदिया ने रूस स्थित यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस (5,642 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की और शिखर पर तिरंगा फहराया।
बिंदिया ने बताया कि उनकी योजना 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा लहराने की थी, लेकिन खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए उन्होंने 14 अगस्त को ही अभियान पूरा कर लिया।
यह उपलब्धि बिंदिया को विशेष बनाती है क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश पुलिस की पहली महिला कांस्टेबल हैं, जिन्होंने दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय चोटियों पर सफलता हासिल की है।
बिंदिया कौशल इससे पहले भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में इतिहास रच चुकी हैं। उन्होंने लद्दाख स्थित कांग यात्से चोटी (6,250 मीटर) तथा हिमाचल प्रदेश के लाहौल में स्थित यूनम चोटी (6,111 मीटर) पर 15 अगस्त 2023 को सफल आरोहण कर शिखर पर तिरंगा फहराया था।
अपनी सफलता का श्रेय बिंदिया ने कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन को दिया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स, मनाली से बेसिक और एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स पूरा किया है।
बिंदिया की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश पुलिस और स्थानीय समुदाय ने गर्व व्यक्त किया है वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई यही। उनकी यह कामयाबी न केवल हिमाचल की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।