हिमाचल प्रदेश विवि सहित प्रदेश के अन्य कॉलेजों के लिए बीएड की प्रवेश परीक्षा 20 जून को आयोजित की जाएगी। पूरे प्रदेश में बीएड की 8500 सीटों के लिए यह एग्जाम होगा। बीएड प्रवेश परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। इसके साथ ही बीएड की प्रवेश परीक्षा का पैटर्न भी जारी कर दिया है। यह प्रवेश परीक्षा 150 अंकों की होगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीदवारों को सूचित कर दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रारूप तैयार कर लिया है। इस प्रारूप के तहत बीएड की प्रवेश परीक्षा में उम्मीदवारों से 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और सभी प्रश्न मल्टीपल चॉइस होंगे। प्रत्येक प्रश्न का एक अंक होगा। बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय दिया जाएगा। इस समय अवधि में छात्रों को प्रश्न पत्र में पूछे सवालों के जवाब देने होंगे।
बीएड में प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाएगा और मेरिट के लिए क्वालीफाई करने के लिए उम्मीदवारों को न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। यानी कि प्रवेश परीक्षा में 150 में से कम से कम 53 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।एससी,एसटी,ओबीसी,शारीरिक अक्षम वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मेरिट के लिए क्वालीफाई करने के न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक रखे गए हैं, यानी कि इन वर्ग के उम्मीदवारों को 150 में से 45 अंक हासिल करने होंगे।