बड़ी लापरवाही! मिड-डे मील में मिली मरी हुई छिपकली

Spread the love

 जिले के अर्की शिक्षा खंड के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय जयालंग में मिड-डे मील में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और भोजन गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना शुक्रवार को हुई जब बच्चों को दोपहर का भोजन परोसा जा रहा था। पंक्ति में तीसरे नंबर पर बैठे एक बच्चे की थाली में दाल के साथ मरी हुई छिपकली पाई गई। बच्चे ने तुरंत यह बात शिक्षकों को बताई। जैसे ही यह मामला विद्यालय प्रबंधन के ध्यान में आया, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए सारा खाना बाहर फेंक दिया और बच्चों के लिए नया मिड-डे मील तैयार करवाया। हालांकि, इस गंभीर घटना को सप्ताहांत की छुट्टियों के चलते टाल दिया गया था, लेकिन सोमवार को स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों को इसकी जानकारी मिली। मामला तूल पकड़ने के बाद इसे प्रारंभिक शिक्षा विभाग को रिपोर्ट किया गया।प्रारंभिक शिक्षा विभाग के एमडीएम नोडल अधिकारी राजकुमार पराशर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्राथमिक चरण में मिड-डे मील वर्कर की लापरवाही सामने आई है। इसके बाद एमडीएम वर्कर को एक महीने के लिए निलंबन का नोटिस जारी किया गया है। इस घटना की रिपोर्ट तैयार कर जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा को सौंप दी जाएगी। नोडल अधिकारी राजकुमार पराशर ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।