हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे आत्महत्या के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला सूबे के हमीरपुर जिले से रिपोर्ट किया गया है। जहां पर एक विवाहित महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जान गंवाने वाली महिला की उम्र 33 साल थी।
अन्य महिला से संबंध का था शक मृतका का पति फ़ौज में अपनी सेवाएं देता है। बताया जा रहा है महिला को अपने पति पर शक था कि उसका किसी अन्य महिला के साथ भी संबंध है। इसी शक को लेकर पहले तो दोनों में लड़ाई झगडा हुआ। इसके बाद महिला ने जहर निगल लिया। जहर निगलने की वारदात आज के दो दिन पहले हुई बताई जा रही है।
वहीं, जहर निगलने के बाद जब महिला की तबियत बिगड़ने लगी तो उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां से महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगामी इलाज के टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अब यहीं पर उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई है।
मरने से पहले बयान देकर मरी महिला उधर महिला की मौत होने के बाद मृतका के पति को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार महिला ने अपनी मौत से पहले दिए गए बयान में अपने पति के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसका किसी अन्य महिला के साथ भी संबंध है और इसी बात को लेकर हुए झगडे के बाद उसने जहर का सेवन किया था। इसके साथ ही साथ मृतक के मायका पक्ष के लोगों ने अपनी बेटी के पति पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। थाना प्रभारी हमीरपुर राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि आरोपी पति को धारा 306 व 498-ए के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।