पंजाब में मर्डर के बाद हिमाचल में छिपे..हैप्पो गैंग के 4 अपराधी गिरफ्तार

Spread the love

 मैक्लोडगंज पुलिस थाना की टीम ने पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात हरप्रीत हैप्पो गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पंजाब के एसएएस नगर, खरड़ पुलिस थाना सिटी में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल, दस जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद की हैं। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा अपराध में इस्तेमाल किया गया वाहन भी धर्मशाला से बरामद कर लिया गया है।

गुरप्रीत सिंह हत्याकांड में वांछित थे आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी 1 फरवरी, 2025 को पंजाब के एसएएस नगर, खरड़ में हुए जिम ट्रेनर गुरप्रीत सिंह की हत्या मामले में वांछित थे। वारदात के बाद से ये आरोपी फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पंजाब पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कांगड़ा पुलिस ने इन अपराधियों को मैक्लोडगंज से दबोचने में सफलता हासिल की

अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े हैं आरोपी
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन अपराधियों को विदेश में बैठे गिरोह के सरगनाओं ने पंजाब में टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कांगड़ा जिले में इन अपराधियों के कौन-कौन से स्थानीय संपर्क हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के ये सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार ठिकाने बदल रहे थे और कांगड़ा जिले में छिपे होने की सूचना मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

फिलहाल, पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन अपराधियों के और कौन-कौन से साथी क्षेत्र में सक्रिय हैं। मामले की पुष्टि एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने की है।