नूरपुर में आज भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा आगामी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु 4 दिसम्बर को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में भाजपा द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रचंड विरोध प्रदर्शन की तैयारियाँ रहीं। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता आज यह समझने में असमर्थ है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अपने तीन वर्षों के कार्यकाल का जश्न क्यों मनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इन तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के युवा, महिलाएँ, बेरोजगार, किसान, अनुसूचित जाति, जनजाति सहित सभी वर्गों को केवल परेशान करने का काम किया है।
