बुधवार सुबह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हेलीकॉप्टर जुड़ा का जोहड़ में कुछ मिनटों के लिए लैंड हुआ। यह बात समझ नहीं आई कि अचानक ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नाहन क्यों आ रहे हैं, क्योंकि बुधवार को शिमला में 10:30 बजे कैबिनेट की बैठक भी रखी गई थी। अचानक ही प्रशासन को भी मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की सूचना बीती रात मिली थी।
उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक सहित तमाम अधिकारी सुबह 7:00 बजे के आसपास ही जुड्डा का जोहड़ हेलीपैड पर पहुंच गए थे। दरअसल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली के प्रवास पर थे। इस दौरान उनके साथ हिमाचल भाजपा अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप भी थे।हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि करने को तैयार नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि वापसी में यह तय हुआ कि दिल्ली से शिमला जाते वक्त नाहन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ड्रॉप किया जाए।
शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर बीती शाम ही सड़क मार्ग से वापस लौट आए थे। इस बार हाटी समुदाय की मांग काफी चर्चा में है, लिहाजा सिरमौर के भाजपाइयों में खासा उत्साह है। जानकारों के मुताबिक मुख्यमंत्री जुड्डा का जोहड़ सुबह कुछ देर के लिए रुके। इसके बाद उनके हेलीकॉप्टर ने सीधे शिमला की उड़ान भर ली। मौके पर भाजपा के इस नेता भी मौजूद रहे।
उधर भाजपा के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने माना कि 10-15 मिनट के लिए मुख्यमंत्री रुके थे। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात 8:30 बजे के आसपास ही मुख्यमंत्री के आने का पता चला। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सांसद के आज पच्छाद में कई कार्यक्रम हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष व सांसद का वाहन भी जुड्डा का जोहड़ पहुंचा, ताकि उन्हें नाहन लाया जा सके।