दिल्ली में कोरोना रिटर्न्स, मास्क पहनना जरूरी, लगेगा 500 का जुर्माना….

Spread the love

देश के तमाम राज्यों सहित एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. कोविड के बढ़ते मामलों के चलते चिंताजनक हालात के बीच आज दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक हुई. दिल्ली में मास्क पहनना एक बार फिर से जरूरी कर दिया गया है. दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित कई अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में कई अहम फैसले लिए गए.

डीडीएमए की आज हुई बैठक में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए मास्क फिर से अनिवार्य कर दिया गया है. अब एक बार फिर मास्क न पहने वालों पर 500 का जुर्माना लगाया जाएगा. शहर में कोविड-टेस्टिंग बड़े पैमाने पर की जाएगी. वैक्सीनेशन पर अधिक जोर दिया गया है. डीडीएमए की बैठक में स्कूलों को बंद नहीं करने का फैसला लिया गया है. वहीं सामाजिक समारोह पर सरकार की कड़ी नजर रहेगी.

  

दिल्ली में कोरोना के मामलों की बात करें तो इनमें पिछले 24 घंटे में 26 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है. गौरतलब है कि मंगलवार को राजधानी में कोविड-19 के 632 नए मामले दर्ज किए गए. इससे पहले सोमवार को दिल्ली में कोविड-19 के 501 नए मामले सामने आए थे. हालांकि सोमवार के मुकाबले मंगलवार को पॉजिटिविटी रेट में कमी देखी गई. सोमवार को जहां सकारात्मकता दर 7% थी तो वहीं मंलवार को यह 4.42% रही.