मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि जिला बिलासपुर के सभी चारों चिकित्सा खण्डों में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। डाॅ. प्रवीण कुमार ने कहा कि मार्कंडेय खंड के अंतर्गत धार टटोह पंचायत के रामलीला मैदान में स्वास्थ्य मेले का आयोजन 20 अप्रैल को किया जाएगा। इसी तरह चिकित्सा खंड श्री नैना देवी जी के अन्तर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैहल में 20 अप्रैल तथा चिकित्सा खण्ड झंडुत्ता में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडुत्ता में 21 अप्रैल को और चिकित्सा खण्ड घुमारवीं के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंतेहड़ा में 22 अप्रैल को स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार ने कहा कि इन स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य लोगों में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेलों के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में लोगों की यूनिक आईडी बनाए जाएंगे आयुष्मान भारत कार्ड बनाना तथा कार्ड धारकों को कार्ड का उपयोग करने बारे जानकारी देना लोगों में संचारी तथा गैर संचारी रोगों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराना लोगों को आजीवन स्वस्थ रहने के लिए उचित खानपान एवं व्यवहार अपनाने के बारे में बताना तथा मूल स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं के अंतर्गत निःशुल्क जांच उपचार तथा विशेषज्ञों के साथ टेलीकंसल्टेशन विधि द्वारा इलाज करना और जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्तर के अस्पतालों में रेफर करना है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि इन स्वास्थ्य मेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इनका भरपूर लाभ उठाएं।