हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। तेलका–सलूणी मार्ग पर बंजाल के पास एक टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास निशा देवी (27) पत्नी अमर सिंह निवासी खलौड़ी अपने दो छोटे बच्चों के साथ सलूणी की ओर जा रही थी। टैक्सी को विशाल (38) पुत्र चमारू राम निवासी बंजाल, सलूणी चला रहा था। जैसे ही वाहन बंजाल के समीप पहुंचा, चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया।
खाई में गिरते हुए टैक्सी कुछ पेड़ों में फंस गई, जिससे वाहन के पूरी तरह नीचे गिरने से पहले ही रुक गई। हादसे की आवाज सुनते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और तुरंत सभी को किहार अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने टैक्सी चालक विशाल और महिला निशा देवी को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे में घायल दोनों बच्चे प्रिंशु (6 वर्ष) और ईशू (2 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि वाहन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।