सोलन। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में दशहरा उत्सव बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ विद्यालय के प्रांगण में मनाया गया। प्रांगण रंग-बिरंगे सजावटों, पंडालों और पारंपरिक झांकियों से सजा हुआ था,
जिसने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आगंतुकों को आनंदित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद बच्चों ने अपने रंग-बिरंगे परिधानों और सजीव अभिनय के माध्यम से रामायण की झलकियाँ प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों में राम, सीता, लक्ष्मण और रावण के पात्रों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने पारंपरिक और आधुनिक नृत्य प्रस्तुत किए, जिनमें लोकनृत्य और समूह नृत्य विशेष रूप से आकर्षक रहे। बच्चों के हर्षोल्लासपूर्ण प्रस्तुतियों ने न केवल दशहरे के पावन संदेश को जीवंत किया बल्कि यह भी दिखाया कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
