प्रदेश में क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में पुलिस ने अब तक 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करोड़ों के ठगी मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 76 हिमाचली और चार बाहरी राज्यों के लोग शामिल हंै। आरोपियों के पास से हिमाचल पुलिस 37 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति भी जब्त कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में से 73 के खिलाफ मामले न्यायालय में विचाराधीन है, जबकि सात के खिलाफ मामले अभी जांच में हैं। पुलिस इन सात आरोपियों के खिलाफ सबूत तलाश रही है। क्रिप्टो करंसी ठगी मामले में शातिरों ने लोगों को ठगने के लिए छह तरह के अलग-अलग क्वाइन तैयार किए थे। प्रदेश में करीब एक लाख से अधिक लोगों को ठगा है। शातिरों ने करीब ढ़ाई लाख आईडी बनाकर क्रिप्टो करेंसी के नाम पर प्रदेश की जनता को करोड़ों का चुना लगाया है। क्रिप्टो करंसी घोटाले में पुलिस 14 आरोपियों से 37 करोड़ की संपत्तियां जब्त कर चुकी है।
सबसे अधिक संपत्ति मंडी निवासी सुभाष शर्मा की करीब सात करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है। धर्मपुर मंडी के सुखदेव 50 लाख 70 हजार की संपत्तियां जब्त की गई है, जिसमें 3.3 लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू बाइक भी शामिल है। बल्ह मंडी के परस राम सेन की 2 करोड़ 53 लाख 63 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा एसआईटी ने बंगाणा के अभिषेक शर्मा की 1 करोड़ 11 लाख 36 हजार 500 रुपए की सपंत्ति, चनबरी मंडी के हेमराज की 3 करोड़ 4 लाख, जीरकपुर के विजय जुनेजा की 20 करोड़ 54 लाख 54 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। बद्दी के गुरदीप, नगरोटा के विशाल शर्मा, हमीरपुर के कृष्ण दत, सुजानपुर टिहरा के राम कुमार राणा, नगरोटा के गोविंद गोस्वामी, बल्ह मंडी निवासी केवल सिंह, सुंदरनगर के संजय कुमार और सुंदरनगर के हर्ष ठाकुर के पास से भी पुलिस ने संपत्ति जब्त की है।