केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटेंगे हिमाचल कैडर के IPS श्याम भगत नेगी, DGP बनने की संभावना

Spread the love

हिमाचल प्रदेश कैडर के 1990 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्याम भगत नेगी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस अपने मूल राज्य लौटेंगे। केंद्र सरकार की अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ कैबिनेट ने उन्हें उनके पैरेंट कैडर यानी हिमाचल भेजने की मंजूरी दे दी है। फिलहाल नेगी नई दिल्ली में कैबिनेट सचिवालय में विशेष सचिव के पद पर तैनात हैं।

श्याम भगत नेगी के हिमाचल का अगला पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बनने की चर्चाएं काफी समय से चल रही थीं, मगर वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। अब उनके वापस लौटने से माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार उन्हें राज्य का नया डीजीपी बना सकती है। नेगी हिमाचल के किन्नौर जिले से संबंध रखते हैं और एमबीए डिग्रीधारी हैं। उनका जन्म 15 मार्च 1966 को हुआ था और वह 31 मार्च 2026 को रिटायर होंगे।

वर्तमान में राज्य में 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक तिवारी एक्टिंग डीजीपी के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। पूर्व डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा की रिटायरमेंट से कुछ दिन पहले लंबी छुट्टी पर भेजे जाने के बाद अशोक तिवारी को एडिशनल चार्ज दिया गया था।

प्रदेश सरकार ने मई महीने में नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया था। इस पैनल में श्याम भगत नेगी के साथ अशोक तिवारी और राकेश अग्रवाल के नाम शामिल थे। सीनियरिटी के लिहाज से श्याम भगत नेगी सबसे आगे हैं। अगर सरकार श्याम भगत नेगी को डीजीपी बनाती है तो वह करीब 8 महीने तक हिमाचल प्रदेश पुलिस के मुखिया रहेंगे।