![]()
उदयपुर के कुरावड़ थाना इलाके में हुये भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार को चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दंपत्ति और उनका मासूम बेटा तथा मां शामिल हैं. ये सभी एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे. उसी दौरान कार से टक्कर लगने के बाद वे उछलकर 20 फीट दूर जा गिरे. हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई और उनके शव क्षत विक्षत हो गये. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. सीएम अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया है.
कुरावड़ थानाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि हादसा सोमवार को सुबह बंबोरा इलाके में हुआ. बाबूलाल, अपनी पत्नी डाई देवी, 5 वर्षीय मासूम बेटे और अपनी मां प्रेमी बाई को बाइक से बंबोरा की ओर लेकर जा रहा था. इस दौरान उनकी बाइक को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि चारों बाइक से उछलकर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे. हादसे के बाद कार भी सड़क से उतर गई. हालात देखकर कार चालक वहां से भाग छूटा.
![]()