ऊना में कांग्रेस को महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन पड़ा महंगा, 9 के खिलाफ FIR दर्ज

Spread the love

कांग्रेस द्वारा महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को  बसदेहड़ा तहसील कार्यालय के समीप फूंके गए पुतले को लेकर पुलिस ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सहोड़ सहित 9 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें 5 महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल है। पुलिस ने ये कार्रवाई जारी किए नोटिस की शर्तों की उल्लंघना करने, आम जनता के वाहनों की आवाजाही बाधित करने व जानी मानी नुकसान के खतरे के मद्देनजर की है।  

       

 शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में रोष प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने हिमाचल के प्रवेश द्वार मैहतपुर से लेकर से बसदेहड़ा तहसील कार्यालय तक रोष रैली निकाली। रोष रैली की अध्यक्षा ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सहोड़ ने की, जबकि सदर के विधायक सतपाल सिंह रायजादा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें महिलाएं भी शामिल रही। बसदेहड़ा तहसील कार्यालय के समीप कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महंगाई का पुतला सड़क पर रख आग के हवाले कर दिया। जिस पर पुलिस ने ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सहोड़, रवीश ठाकुर, संजीव कुमार, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चांद ठाकुर, महिला ब्लॉक अध्यक्ष सीमा शर्मा, अंजना देवी, सुमन, सोना देवी व रीटा पर कार्रवाई की है। एसपी अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस ने सड़क के बीचो बीच फूंके गए पुतले को लेकर कार्रवाई की है। पुतले जलाने पर आज जनता की आवाजाही बाधित हुई है।