अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए शिमला पुलिस ने एक और बड़ी गिरफ्तारी की है। बुधवार को कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर शोघी बैरियर पर दबिश देकर पुलिस ने एक महिला वकील को गिरफ्तार किया। ये महिला वकील संदीप शाह गिरोह के नशा तस्करी से जुड़े वित्तीय लेनदेन में शामिल पाई गई। इससे पहले इसी गिरोह से जुड़े मामले में तहसील वेलफेयर अधिकारी की गिरफ्तारी हो चुकी है।जानकारी अनुसार जांच में सामने आया है कि गिरोह में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है। अब तक तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 25 और संदिग्ध महिलाओं पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस के मुताबिक संदीप शाह गिरोह ने नशे के जाल में युवाओं को फंसाकर उन्हें तस्करी से जोड़ दिया। कोई नशे की लत का शिकार होकर इसमें शामिल हुआ तो कुछ लोग लालच में आकर इस अवैध धंधे का हिस्सा बन गए। पुलिस इस गिरोह के करीब तीन दर्जन सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बैंक खातों की छानबीन के दौरान करीब 5 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया है और अब बेनामी खातों की जांच जारी है। इस नेटवर्क के तार सरकारी तंत्र तक जुड़े होने का अंदेशा तब और गहरा गया जब एक पुलिसकर्मी की भी गिरफ्तारी हुई।
एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने कहा कि नशे के इस अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी मुस्तैदी से गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही है ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।