हिमाचल में बर्फबारी-बारिश का दौर जारी…246 बिजली ट्रांसफार्मर ठप, 3 NH समेत 218 सड़कें बंद

Spread the love

 हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते तीन दिनों से लगातार बर्फबारी और निचले इलाकों में भारी बारिश हो रही है। लाहौल-स्पीति, चंबा का पांगी, और किन्नौर जिले के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हो गई है, जिससे जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। शिमला में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी है।

स्कूलों में अवकाश, सड़कों और बिजली सेवाओं पर असर
खराब मौसम के चलते चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और किन्नौर जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। भारी बारिश, बर्फबारी और भूस्खलन के कारण तीन नेशनल हाईवे सहित प्रदेश में लगभग 218 सड़कें बंद हो गई है, जबकि 246 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं।

ऑरेंज अलर्ट जारी, मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने इसके मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 1 और 2 मार्च को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 3 और 4 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर से मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

किसानों-बागवानों को राहत, सतर्क रहने की सलाह
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि ताजा बर्फबारी और बारिश से किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है, लेकिन लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उपायुक्तों को स्कूलों को बंद या खोलने का निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी है। प्रदेश में मौजूदा हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।