हिमाचल में आज रात से बदलेगा मौसम, ऑरेंज अलर्ट जारी

Spread the love

प्रदेश में लंबे समय से चले आ रहे सूखे का क्रम आज रात से टूटने की संभावना है। प्रदेश में मंगलवार मध्यरात्रि से पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर रहा है, जिसके चलते मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 4 फरवरी तक मौसम खराब बने रहने की संभावना है।

 मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने कहा कि जनवरी माह में सूखे की स्थिति बनी हुई है । प्रदेश में माइन्स 99 दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जिला चंबा, कुल्लू, लाहौल स्पीति, सहित शिमला और सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना है।

संदीप शर्मा ने कहा कि आज मध्य रात्रि के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 31 जनवरी से चंबा, लाहौल स्पीति, कुल्लू, किन्नौर सहित शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना है। दो फरवरी को मौसम में थोड़ा बदलाव आने की संभावना है। वहीं एक बार पश्चिमी विक्षोभ के कारण 3 व 4 फरवरी को ऊंचाई वाले व मध्यवर्ति क्षेत्रों में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने राजधानी शिमला में भी सूखे का क्रम टूटने की और बर्फबारी पड़ने की उम्मीद जताई है। संदीप शर्मा ने कहा कि तापमान सामान्य बने हुए हैं। गत 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान सबसे कम लाहौल स्पीति में -4.9 दर्ज किया गया है। कल्पा व संधू में भी तापमान शून्य से कम बने हुए हैं। शिमला में 4.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर की गई है।