हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। हिमाचल प्रदेश के संगड़ाह उपमंडल के नौहराधार क्षेत्र की चौकर पंचायत में भूस्खलन की एक बड़ी घटना सामने आई है। मडियन गांव के समीप खौफनाक तरिके से एक पहाड़ी दरक गई। इस भूस्खलन से गांव के करीब 15 घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के समय न तो लगातार बारिश हो रही थी और न ही बादल फटा। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि संभवतः पाइपलाइन से पानी के रिसाव की वजह से यह भूस्खलन हुआ है। हालांकि इस आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह पूरी पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया है। यह दृश्य इतना भयावह है कि इसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार उन्होंने इतना बड़ा भूस्खलन अपनी आंखों से देखा है।पंचायत प्रधान शशि भूषण चौहान ने बताया कि वे मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। गांव के पीछे की पहाड़ी में गहरी-गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। कई घर दरारों के एकदम पास हैं, जिससे उनके गिरने का खतरा और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि मौके पर जाकर स्थिति असुरक्षित पाई जाती है, तो पूरे गांव को खाली करवा कर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।
भारी बारिश और लगातार भूस्खलन के कारण प्रशासन की टीमें अब तक मौके तक नहीं पहुंच पाई हैं। बताया जा रहा है कि गांव की ओर जाने वाली सड़कों पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं। यही वजह है कि राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उधर, गांव के लोग डर और असमंजस की स्थिति में हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रही बारिश के चलते कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उधर डीएसपी मुकेश डडवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस व प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।