हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिरमौर के सराहां में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने छठे वेतन आयोग के एरियर की पहली किस्त को भुगतान करने की घोषणा की है। इस घोषणा से दो लाख 21 हजार कर्मचारियों और एक लाख 90 हजार पेंशनरों को सीधा लाभ होगा। सरकार इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। बताया जा रहा है सरकार की इस घोषणा के बाद एरियर से कर्मचारियों को 50 से 80 हजार का लाभ होगा। कुल एरियर का कर्मचारियों व पेंशनरों को भुगतान करने के लिए 11 हजार करोड़ से 13 हजार करोड़ की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने जिला परिषद कार्यालयों में कार्यरत चार हजार से ज्यादा कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान देने की घोषणा की है। इसके अलावा बाहर वर्ष तक सेवाएं देने वाले पंचायत चौकीदार दैनिक वेतनभागी बनाए जाएंगे। इसके अलावा खाद्य तेल पर एपीएल परिवारों को दस और बीपीएल को बीस रुपये अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में प्री प्राइमरी शिक्षा नीति बनाने की भी सीएम ने घोषणा की है। इसके तहत प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती की जएगी। वहीं, निजी भूमि पर लगाए खैर के पेड़ों के कटान की प्रक्रिया को आसान बनाने पर सरकार काम करेगी।
जिला सिरमौर के सराहां में हो रहे राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला मंडी के करसोग के प्रेम कुमार, जिन्होंने 31 जुलाई को बाढ़ में फंसे छह लोगों को बचाया। 20 वर्षीय प्रेम कुमार राजकीय डिग्री कॉलेज करसोग का छात्र है। इसके साथ राष्ट्रीय पैरा धावक वीरेंद्र सिंह जोकि आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के पद पर नोहराधार में सेवारत हैं। उन्हें भी सम्मानित किया गया। दिव्यांग होने के बावजूद वीरेंद्र सिंह ने किडनी रोग से ग्रसित लोगों की सहायता के लिए कई प्रतियोगिताएं में चैरिटी रन की, जबकि जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय पाठक व पूरी टीम को कोविड काल में बेहतरीन कार्य करने के लिए तथा उनकी टीम को पुरस्कार देकर पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।