सोलन में प्रियंका गांधी की रैली स्थगित:10 की जगह अब 14 अक्टूबर को ठोडो ग्राउंड में होगा आयोजन

Spread the love

हिमाचल के सोलन में 10 अक्टूबर को होने वाली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली स्थगित कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक अब यह रैली 14 अक्टूबर को सोलन के ठोडो ग्राउंड में होगी। पार्टी नेताओं के अनुसार 10 तारीख को होने वाली इस रैली को खराब मौसम की आशंका और करवा चौथ के कारण स्थगित किया गया है।

प्रियंका गांधी ने 3 दिन पहले ही सोलन में होने वाले कार्यक्रम में आने की हामी भरी थी। इसे लेकर पार्टी सह प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से बैठक कर ठोडो ग्राउंड और पुलिस ग्राउंड का मुआयना भी किया था। बैठक में सोलन जिला के दो विधायकों सहित अन्य पदाधिकारियों ने रैली की रूपरेखा तय की थी।

    

प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल अपने राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के कार्यक्रम बना रहे हैं। भाजपा ने 10 दिन के अंदर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो कार्यक्रम हिमाचल दौरे के बनाए। इसे काउंटर करने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को फील्ड में उतारने का निर्णय लिया है। इसके तहत सोलन में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली कराने का कार्यक्रम 10 अक्टूबर के लिए फाइनल किया गया था।

    

अब इसे 14 अक्टूबर के लिए स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने रैली स्थगित होने की बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अब इस रैली को 14 अक्टूबर को कराने का निर्णय लिया है।

     

कांग्रेस सोलन में होने वाली इस रैली से हिमाचल में विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। सोलन, शिमला संसदीय क्षेत्र के मध्य में पड़ता है। इस कारण इस संसदीय क्षेत्र में होने वाले अधिकतर कार्यक्रम सोलन में ही कराए जाते हैं