सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल सहित 6 जिलों में लगेगा ऑक्सीजन प्लांट

Spread the love

हिमाचल के लिए केंद्र ने 6 ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किए है जिसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने केन्द्र सरकार का हिमाचल प्रदेश को 6 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत करने के लिए आभार व्यक्त किया है। इन ऑक्सीजन प्लांट को नागरिक अस्पताल पालमपुर, क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी, शिमला जिले के नागरिक अस्पताल रोहड़ू व खनेरी, डाॅ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नाहन और क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे इन स्वास्थ्य संस्थानों में 1400 बिस्तरों को ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लिए केन्द्र सरकार ने पूर्व में सात ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किए हैं, जिन्हें धर्मशाला, मण्डी, शिमला, चम्बा, नाहन, हमीरपुर और टांडा में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला, मण्डी और शिमला प्लांट में ऑक्सीजन उत्पादन आरम्भ हो चुका है, जबकि शेष प्लांट शीघ्र ही कार्यशील बना दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी 13 ऑक्सीजन प्लांट कार्यशील होने से न केवल प्रदेश में पर्याप्त ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित होगी बल्कि हिमाचल प्रदेश ऑक्सीजन सरप्लस राज्य भी बनेगा।