शिलाई गोलीकांड: आरोपी गिरफ्तार, बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश में रची थी साजिश

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर गोली चलाकर एक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी बहन को मृतक के बेटे की ओर से घर से भगाकर ले जाने की रंजिश में हत्या की साजिश रची थी। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने दी। एसपी एनएस नेगी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविंद्र सिंह पुत्र खयाली राम निवासी गांव क्यारटा पिपलटी ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुर धार से अपने घर लौट रहा था। सुबह करीब 7:20 बजे कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे खजान सिंह नीचे गिर गए।

हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला
रविंद्र सिंह ने घर पहुंचकर हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला। हेलमेट के अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली भी बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान माैत हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीएसपी मान्वेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में गठित हुई एसआईटी
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने डीएसपी मान्वेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला जुन्गा की विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद 18 नवंबर को आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश में की हत्या
एसपी के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित की ओर से घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी को अदालत शिलाई में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है