सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट वर्कर्स यूनियन ने वीरवार को अपनी मांगों को लेकर सीटू के बैनर तले शिमला जल प्रबंधन निगम कार्यालय यूएस क्लब के बाहर धरना दिया। कर्मचारियों का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर काफी लंबे समय से संघर्षरत है, लेकिन उन्हें अनसुना किया जा रहा है। कर्मचारी यूनियन ने बताया कि यदि प्रबंधन उनकी मांगों को नहीं मानता है तो वह आंदोलन को तेज करेंगे। शिमला सीवरेज प्लांट वर्कर यूनियन के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने बताया कि उनकी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार के काम का वेतन दिया जाए। उन्होंने कहा कि वेतन में वृद्धि की जाए और महीने की सात तारीख को उनके अकाउंट में वेतन दिया जाए। उन्होंने बताया कि पावर प्लांट और टनल में उन्हें काफी मुश्किल हालातों में काम करना पड़ता है जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी काफी प्रतिकूल असर पड़ता हैं। उन्हें अभी तक वर्दी के साथ पहचान पत्र नहीं मिल पाया हैं।
वहीं, एसटीपी प्लांट पर पीने के पानी की सुविधा एसजेपीएनएल (SJPNL) मुहैया नहीं करवा पाया हैं। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के सर्वेंट क्वार्टर की मरम्मत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वे 16 से 17 मांगो को लेकर यहां आए हैं। अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेजी से आगे बढ़ाएंगे।