HRTC पेंशनर अपनी लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर एक बार फिर आंदोलन पर उतर आए हैं। शुक्रवार को HRTC पेंशनर संघर्ष समिति ने निगम मुख्यालय के बाहर सरकार और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। पेंशनर लंबे समय से महंगाई भत्ते (DA), एरियर, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट के भुगतान की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।
पेंशनरों का आरोप है कि समय पर पेंशन न मिलने और अन्य देनदारियों का भुगतान लंबित रहने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे कुल 8 प्रतिशत महंगाई भत्ते के हकदार हैं, लेकिन निगम ने केवल 3 प्रतिशत DA जारी किया है। शेष 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता और उसका एरियर अभी लंबित है। इसके अलावा वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान का एरियर, मेडिकल बिल, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का भुगतान भी नहीं हुआ है।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। समिति के अनुसार बजट सत्र के दौरान तथा जून और सितंबर में भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। पेंशनरों ने चेताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे चुनाव में भी अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।