रेणुका विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब 11 परिवारों ने पार्टी से किनारा कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। ग्राम पंचायत खाला क्यार के ये सभी लोग रविवार को प्रेम भवन, थाना खेगवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस में शामिल हुए।
भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वालों में तुल बहादुर, उपेंद्र बहादुर, मन बहादुर, हीरा लाल, कौशल्या देवी, अजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, मंगल सिंह, विक्रम सिंह, राम सिंह और रतन कुमार शामिल हैं। इन सभी ने भाजपा नेतृत्व से निराशा जाहिर करते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के रवैये से परेशान थे।
इन परिवारों ने बताया कि भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली ने उन्हें उपेक्षित महसूस कराया। इसके चलते उन्होंने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। कांग्रेस में प्रवेश करने के बाद उन्होंने कहा कि वे डिप्टी स्पीकर एवं रेणुका के विधायक विनय कुमार की कार्यशैली और जनता के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रभावित हैं।
इस मौके पर डिप्टी स्पीकर विनय कुमार ने सभी नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पार्टी का हिस्सा बनने पर बधाई दी। उन्होंने सभी को माला पहनाकर कांग्रेस परिवार में शामिल किया और भरोसा दिलाया कि उनकी भागीदारी से पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज़ उठाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस में शामिल हुए ये परिवार आने वाले समय में संगठन को मजबूत करने और जनता के हितों के लिए सक्रिय योगदान देंगे।