रामपुर मे दो वाहनों की टक्कर खाई में गिरने से 3 की मौत एक घायल…..

Spread the love

रामपुर थाना क्षेत्र के तहत तकलेच इलाके में सोमवार मध्यरात्रि घटी सड़क दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और एक गम्भीर रूप से घायल है। घायल को सिविल अस्पताल रामपुर में भर्ती किया गया है। यह सड़क हादसा रात 12 बजे के करीब तकलेच से अढ़ाई किलोमीटर दूर देयोठी के पास हुआ।

रामपुर पुलिस के मुताबिक मझाली से पिकअप मटर लोड कर ढली सब्जी मंडी की तरफ जा रही थी। देयोठी के पास ढांक पर सामने से आ रहे एक वाहन को पास देते समय पिकअप ने दूसरे वाहन को टक्कर मार दी और दोनों वाहन ढांक से लुढ़ककर खाई में जा गिरे। इस हादसे में पिकअप चालक समेत तीन की मौत हो गई , जबकि दूसरे वाहन का चालक घायल हुआ।

   

 डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें पिकअप चालक हरीश (31), अंकुश (26) और बलबीर (37) की मौत हुई है। ये तकलेच के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। हादसे का शिकार हुए दूसरे वाहन का चालक राकेश जख्मी है। उन्होंने कहा कि टक्कर लगाने वाली पिकअप मटर से लदी हुई थी।