मैदानों में गर्मी बढ़ते ही भारी संख्या में सैलानियों ने हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख करना शुरू कर दिया है। वीकेंड पर हिमाचल पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। राजधानी शिमला में रविवार को भी सैलानियों का तांता लगा रहा। कार्टरोड से मालरोड को जोड़ने वाली लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रही। रिज मैदान और मालरोड पर पूरे दिन सैलानियों की भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में सैलानियों ने शिमला से कुफरी और नारकंडा का भी रुख किया।उधर पर्यटन नगरी मनाली में मार्च महीने के अंतिम वीकेंड में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। मनाली से लाहौल तक की वादियां पर्यटकों से गुलजार हो गई है। शुक्रवार और शनिवार को मनाली में 2,500 से अधिक पर्यटक वाहन पहुचे थे। तीन दिनों में करीब 3500 वाहन पर्यटक वाहनों में पर्यटकों ने मनाली का रुख किया, जबकि 120 से अधिक लग्जरी बसों में भी पर्यटकों ने मनाली पहुंचे हैं। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उपमहाप्रबंधक, बीएस ओक्टा ने बताया कि निगम के होटलों में ऑक्सूपेंसी 50 फीसदी तक चल रही है.
पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज में वीकेंड पर पर्यटकों की चहल-कदमी बढ़ गई है। इस वीकेंड पर निजी होटलों में करीब 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। वहीं, पर्यटन विकास निगम के होटल फुल पैक रहे। रविवार को चैत्र नवरात्र के शुरू होने के चलते जिला के शक्तिपीठों के दर्शन के लिए बाहरी राज्यों से भी पर्यटक पहुंचे। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि वीकेंड पर 60 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही है। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के पर्यटक धर्मशाला पहुंचे।
Post Views: 60