प्रदेश सरकार के ‘नशा मुक्त एवं चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत गुरुवार को मंडी के बगला में एंटी चिट्टा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आईपीएस अशोक तिवारी ने युवाओं के भारी उत्साह को देखते हुए विश्वास जताया कि पूरा समाज एकजुट होकर जल्द ही प्रदेश से चिट्टे का खात्मा कर देगा।
ऊना का रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार मंडी के युवा
मीडिया से बातचीत करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुई ‘एंटी चिट्टा अवेयरनेस वॉक’ का आज मंडी में छठा संस्करण आयोजित हो रहा है। इससे पहले शिमला, धर्मशाला, हमीरपुर, बिलासपुर और दो माह पूर्व ऊना में इसका आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि अब तक ऊना के कार्यक्रम में सबसे अधिक युवाओं की भागीदारी दर्ज की गई थी, लेकिन मंडी में युवाओं का जो जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि आज ऊना का रिकॉर्ड टूटने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री शिमला से रवाना हो चुके हैं और जल्द ही इस मुहिम का नेतृत्व करने मंडी पहुंचेंगे।
सिर्फ पुलिस या सरकार नहीं, पूरे समाज की है यह लड़ाई
डीजीपी तिवारी ने मुख्यमंत्री की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष शुरू किए गए इस जन आंदोलन के पीछे मुख्य उद्देश्य यही था कि नशे की समस्या केवल सरकार या पुलिस विभाग तक सीमित न रहे, बल्कि इससे प्रदेश के बच्चे, बूढ़े, जवान, हर स्त्री और पुरुष को जोड़ा जाए। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि पुलिस जवानों द्वारा स्कूल, कॉलेजों और गांव-गांव जाकर चलाए जा रहे इस महाअभियान के अब सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान भी अब आम जनता में नशे के खिलाफ एक नई चेतना और जागरूकता दिखाई दे रही है, जो इस बुराई को जड़ से मिटाने में निर्णायक साबित होगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया नशा मुक्ति का संदेश
इससे पूर्व, बगला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के गंभीर दुष्प्रभावों को उजागर किया। विद्यार्थियों ने अपनी कला के जरिए युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज मंडी) आईपीएस राहुल नाथ तथा पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार सहित अन्य गणमान्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।