हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता हिमाचल में सरकार बदलने का दावा कर रहे है, लेकिन असल में जनता ने तय कर लिया है की विकास के लिए भाजपा से बेहतर विकल्प कोई नहीं है। उन्होंने कहा की प्रदेश में सरकार के रिवाज बदलने की बात से कुछ बड़े लोगों को परेशानी हो रही है। इस बार हिमाचल प्रदेश में छोटे लोग मिलकर भाजपा की ही सरकार फिर से बनाएंगे। ये शब्द सीएम जयराम ठाकुर ने बीबीएन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश में कुछ लोग अपने आप को जनता से बड़ा मानते हैं, उनके दिमाग में बड़े परिवार से होने की बात बैठी हुई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के केंद्र और प्रदेश की सरकारें देश व प्रदेश को लगातार आगे बढ़ाने में प्रयासरत हैं। सीएम ने बताया कि प्रदेश की सरकार ने बीते पांच वर्षों में गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया, जबकि कांग्रेस पार्टी इतने लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन उन्होंने कभी जन कल्याण की मंशा से कार्य नहीं किया।
उधर हरोली में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हरोली में विकास की कोई कमी नहीं रखी गई है। हरोली में तेज गति से विकास हुआ है। उन्होंने लोगें से कहा कि इस बार प्रो. राम कुमार को विधायक बनाकर विधानसभा भेजो, ताकि हरोली में और तेज गति से विकास कार्य हो। जयराम ठाकुर ने कहा कि हरोली में मोदी सरकार ने बल्क ड्रग के रुप में बहुत बड़ी सौगात दी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा को जनता को समर्थन मिल रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र से कांग्रेस के नेता जल्दबाजी में है। वह अपना संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने कहा कि केवल चर्चा में रहने के लिए वे बयानबाजी कर रहे है। कांग्रेस पार्टी जनता से झूठे वादे कर रही है। इन वादों को पूरा करने के लिए उनके पास कोई रोड मैप नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने हिमाचल में विकास को गति दी है। डबल इंजन की सरकार के चलते प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है।