प्रदेश में इस वर्ष 14 हजार हैक्टेयर भूमि पर होगा पौधरोपण-राकेश पठानिया

Spread the love

वन- युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए वित्त वर्ष 2021-22 में 14 हजार हैक्टेयर भूमि पर पौध रोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राकेश पठानिया आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दसेरन में वन महोत्सव अभियान का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
वन मंत्री ने इस अवसर पर अर्जुन का पौधा रोपित कर 72वें वन महोत्सव का शुभारम्भ किया। ग्राम पंचायत दसेरन में आज अर्जुन, बेहड़ा, आंवला तथा दाड़ू के लगभग 150 पौधे रोपित किए गए। क्षेत्र में इन प्रजातियों के लगभग 500 पौधे रोपित किए जाएंगे।
राकेश पठानिया ने कहा कि हिमाचल का हरित आवरण समूचे उत्तर भारत के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण को बढ़ाकर हम रोज़गार एवं स्वरोज़गार की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वनों के वैज्ञानिक दोहन से जहां हम उचित मात्रा में वन औषधियां प्राप्त कर आर्थिकी सुदृढ़ कर सकते हैं वहीं स्वच्छ वातावरण ऐसे उद्योगों के लिए सर्वथा उपयुक्त है जिन्हें साफ आबोहवा की आवश्यकता है।
वन मंत्री ने कहा कि इस वर्ष सोलन जिला में 386 हैक्टेयर भूमि पर 03 लाख से अधिक पौधे रोपे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विद्यार्थी वन मित्र योजना, एक बूटा बेटी के नाम और सामुदायिक वन संवर्धन योजना के तहत अधिक से अधिक पेड़ लगाएं।
राकेश पठानिया ने क्षेत्र के युवाओं से आग्रह किया कि अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें।
युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके त्वरित निपटाने के निर्देश दिए।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट कॉआपरेटिव डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने इस अवसर पर क्षेत्र में विकास की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को समयबद्ध आधार पर पूर्ण किया जाएगा।
भाजपा मण्डल अर्की के अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार उपाध्याय ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया।
प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के सह मीडिया प्रभारी संतोष शुक्ला ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट कॉआपरेटिव डेवलपमेंट फेडरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष रतन सिंह पाल, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, उपाध्यक्ष कमलेश पंवर, जिला परिषद सदस्य भुवनेश्वरी शर्मा, ग्राम पंचायत दसेरन की प्रधान मीना देवी, भाजपा महामंत्री यशपाल कश्यप, राकेश ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष संत राम ठाकुर, जय गोपाल एवं नीम चंद ठाकुर, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के सचिव दलीप पाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयानंद शर्मा, ओपी गांधी सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, अतिरिक्त मुख्य अरण्यपाल हेमन्त कुमार, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, वन मण्डल अधिकारी कुनिहार हितेन्द्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।