डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, गुरुवार को मुख्य परिसर में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाएगा। विश्वविद्यालय आईसीएआर एन॰ए॰एच॰ई॰पी॰ के सहयोग से ‘स्वामी विवेकानंद- युवाओं के लिए एक प्रेरणा’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित कर रहा है। महान भारतीय विचारक और सामाजिक नेता स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाने के लिए प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को मनाया जाता है। इस अवसर पर पंजाब के पूर्व विशेष सचिव (स्वास्थ्य) और स्वामी विवेकानंद अध्ययन केंद्र पंजाब के संस्थापक महासचिव सी॰एस॰ तलवार मुख्य वक्ता होंगें। इस लैक्चर में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं व कर्मचारी शामिल होंगे।
वर्ष 2023 को ‘ईयर ऑफ द मिलेट्स’ के रूप में मनाने और मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व के बारे में सभी को अवगत करवाने के लिए इस अवसर पर विश्वविद्यालय ‘मिलेट्स विद मील्स’ पर एक संवेदीकरण व्याख्यान भी आयोजित करेगा। इस मौके पर खेती विरासत मिशन पंजाब की सदस्य गुरविंदर कौर मुख्य वक्ता होंगी। संयुक्त राष्ट्र ने मोटे अनाज के उत्पादन और खपत पर जागरूकता पैदा करने और बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2023 को ‘इयर ऑफ द मिलेट्स’ घोषित किया है। मिलेट्स सदियों से हमारे आहार का एक अभिन्न हिस्सा रहा है और इसके कई स्वास्थ्य लाभ हैं। इसके अलावा, इसे कम पानी और लागत की आवश्यकता होती है और पर्यावरण के लिए भी अच्छा है। नौणी विश्वविद्यालय भी मोटे अनाज की खपत और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए साल भर कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।