नेता प्रतिपक्ष पर भड़के CM मीडिया एडवाइजर, लोगों को गुमराह न करने की नसीहत

Spread the love

केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को 15 सौ करोड़ जारी होने के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर इस राशि के लिए केंद्र का आभार न जताने को लेकर निशाना साध रहे है।

वहीं सीएम के मीडिया एडवाइजर नरेश चौहान ने पलटवार किया है और कहा कि केंद्र से जो राशि मिली है वो हिमाचल का हक है। 15 सौ करोड़ रुपए टैक्स का शेयर हिमाचल को मिला है। उन्होंने जयराम ठाकुर से पूछा कि क्या केंद्र ने कोई मदद हिमाचल को दी है तो उसके बारे में वे जनता को बताए इस तरह से लोगों को गुमराह न करे।

नरेश चौहान ने कहा कि पूर्व की सरकार द्वारा छठा पे कमीशन लागू किया लेकिन कर्मचारियों को कुछ नहीं दिया और सारी देनदारियां वर्तमान सरकार पर छोड़ कर चले गए। करीब दस हजार करोड़ की कर्मचारियों पेंशनर्स की देनदारियां है जिसे वर्तमान सरकार दे रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने प्रदेश के कर्मचारियों को दिवाली से पहले तोहफा देते हुए 4 फीसदी डीए जारी कर दिया। ये कर्मचारियों की लंबे समय से मांग थी इसके अलावा एचआरटीसी के कर्मचारियों के लंबित ओवर टाइम मेडिकल बिल जारी करने की घोषणा की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कर्मचारी हितेषी है और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रख कर कार्य कर रही है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ये बताए कि क्या वे कर्मचारियों को 4 फीसदी डीए मिलने के हक में नहीं है, उन्हें ये बताना चाहिए।