जिला में 24 अप्रैल से 1 मई 2022 तक स्प्रिंट केसीसी अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत किसानों को केसीसी एवं पशुपालन और मत्स्य पालन के तहत केसीसी प्रदान करना एक महत्वपूर्ण उद्देश्य रहेगा। उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय ने ये बात मंगलवार को विशेष जिला सलाहाकर समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उपायुक्त ने मामले पर उचित दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि बुधवार 20 अप्रैल को बीडीओ और पंचायत सचिवों सहित बैंक के अधिकारियों के साथ मामले पर वर्चुअल बैठक का आयोजन किया जाएगा।
जिला एवं प्रदेश के अग्रणी बैंकयूको बैंक ने बचत भवन बिलासपुर मे इस बैठक का आयोजन किया। इसमें केसीसी संतृप्ति ड्राइव का एक स्प्रिंट अभियान के तहत‘ किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी’ पर चर्चा की गई। यूको बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक बिलासपुर अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पंचायती राज विभाग द्वारा 24 अप्रैल 2022 को समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सभी किसान लाभार्थियों को जिन किसानों के पास केसीसी नहीं है, उन्हें प्रधान द्वारा सिंगल पेज फॉर्म भरने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
24 अप्रैल 2022 को अधिकतम फार्म भरने और ग्राम सभा में भाग लेने के लिए सुनिश्चित किया जाएगा। शेष फॉर्म 25 अप्रैल से 1 मई 2022 तक भरे जाएंगे। इस बैठक में अग्रणी प्रबन्धक बिलासपुर ने बताया कि बैंक की मानक चेकलिस्ट के अनुसार बैंक शाखाओं द्वारा आवेदनों की जांच की जाएगी और सभी प्रकार से पूर्ण पाए जाने वाले आवेदनों को बैंक शाखाओं द्वारा आवेदक को उचित पावती के साथ स्वीकार किया जाएगा और सैद्धांतिक रूप से केसीसी की मंजूरी जारी की जाएगी।
पीएम किसान लाभार्थी जिनकी सीमा 1.60 लाख रुपये के भीतर है, उन्हें सीधे फॉर्म में वांछित जानकारी प्रदान करने पर अनुमोदित स्वीकृति सीमा के साथ केसीसी जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि क्षेत्रफल एवं उगाई गई फसल की सीमा 1.60 लाख रुपये से अधिक है, उन्हें कर्ज सैद्धान्तिक रूप से दिया जायेगा परन्तु ऋण सीमा का वितरण कानूनी औपचारिकता पूर्ण करने पर ही किया जायेगा। इस अवसर पर डीडीएम नाबार्ड सतपाल चैधरी, वरिष्ठ प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय वी के धीमान, आरसेटी निदेशक एम आर भारद्वाज, वितीय साक्षरता सलाहकार बिशन दास संख्यान तथा सभी विभागाध्यक्ष एवं प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी, कार्पोरेशन व विकास एजेंसी तथा बैंक अधिकारी उपस्थित थे।